
जब आपका बच्चा सही तरह से भोजन करना शुरु कर देता है तो आपको उसके खाने में मौजूद पोषक तत्वों पर पूरा ध्यान देना चाहिए। खाना अगर स्वास्थ्यवर्धक नहीं होगा तो इससे ना सिर्फ उनके स्वास्थ्य पर बल्कि दांतों पर भी बुरा असर पड़ता है। बच्चे अक्सर अच्छे स्वाद वाले और अच्छे दिखने वाले खाद्य पदार्थों की तरफ आकर्षित होते हैं लेकिन बहुत ज्यादा शुगर युक्त खाद्य पदार्थों का लगातार सेवन करने से बच्चों के दांतों में कैविटी होने जैसी समस्या पैदा हो जाती है। आइए जानते हैं कि बच्चों के दांतों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए आपको कौन से स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों का सेवन करवाना चाहिए। [ये भी पढ़ें: बच्चे को पीनट बटर खिलाने के फायदे]
1.अतिरिक्त शुगर वाले खाने से दूर रखें- कॉल्ड ड्रिंक्स, जंक फूड, मिठाई, शुगर कैंडी बच्चों की पसंदीदा होती है। लेकिन इनमें सिर्फ अतिरिक्त शुगर होती है ना कि कोई पोषक तत्व होते हैं। अतिरिक्त शुगर मुंह में हानिकारक बैक्टीरिया को बढ़ा देती है इसलिए बच्चों को इनका सेवन नहीं करवाना चाहिए।
2. ताजा फल और सब्जियां- जब बच्चा खाना शुरु करता है तो पहले उनका परिचय फलों और सब्जियों से करवाएं। ये ना सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बल्कि दांतों के लिए भी लाभकारी होते हैं। सब्जियों में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स और पानी बच्चों को स्वस्थ रखने में मददगार होता है साथ ही इन्हें चबाने से दांत भी स्वस्थ रहते हैं। इसलिए खीरा, सेलेरी, तरबूज आदि का सेवन बच्चों को करवा सकते हैं। [ये भी पढ़ें: बच्चे को स्मार्ट और बुद्धिमान बनाने के लिए आसान टिप्स]
3. लगातार ना खिलाएं- खाना खाने के बाद आपके मुंह की लार दांतों में फंसे खाने को सड़ाने लगती है जिससे मुंह में हानिकारक बैक्टीरिया बढ़ जाते हैं और बच्चों के दांतों को कमजोर कर देते हैं। इसलिए लगातार बच्चों को खिलाने की बजाय एक रुटीन बनाएं और उस हिसाब से उन्हें खाना खिलाएं।
4. कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ खिलाएं- कैल्शियम दांतों और हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए उपयोगी होता है। इसलिए बच्चों को दूध, पनीर आदि कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करवाएं।
5. चिपकने वाले खाद्य पदार्थ ना खिलाएं- कैंडी, लॉलीपॉप आदि कई खाद्य पदार्थ बच्चों के दांतों से चिपक जाते हैं और बैक्टीरिया को बढ़ा देते हैं। इसलिए ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन बच्चों को नहीं करवाना चाहिए। [ये भी पढ़ें: बच्चे को तेल मालिश करते समय ना करें कुछ गलतियां]